रायपुर। छत्तीसगढ़ मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन (CGMSC) घोटाला मामले में एंटी करप्शन ब्यूरो/आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (ACB/EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कोर्ट में 3500 पन्नों से अधिक का चालान पेश किया है। यह चालान ACB/EOW के विशेष न्यायाधीश नीरज शर्मा की अदालत में पेश किया गया।
यह भी पढ़े :- महिला आरक्षण व परिसीमन समेत तीन विधेयक पेश, संसद में सियासी घमासान तेज
इस चरण में एजेंसी ने चार आरोपियों—अभिषेक कौशल, राकेश जैन, प्रिंस कोचर और कुंजल शर्मा—के खिलाफ चालान दाखिल किया है। सभी आरोपी वर्तमान में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद हैं।
जानकारी के अनुसार, अभिषेक कौशल रिकॉर्डर्स मेडिकेयर सिस्टम प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का संचालक है, जबकि राकेश जैन शारदा इंडस्ट्रीज का मालिक है। प्रिंस कोचर रिकॉर्डर्स कंपनी में लायजिंग ऑफिसर के तौर पर कार्यरत रहा है और उसका संबंध इस मामले के अन्य आरोपियों से भी बताया जा रहा है। वहीं कुंजल शर्मा डायसिस डायग्नोस्टिक इंडिया प्राइवेट लिमिटेड में मार्केटिंग हेड के पद पर था।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी इस मामले में 6 आरोपियों के खिलाफ चालान पेश किया जा चुका है। इस तरह अब तक कुल 10 आरोपियों के खिलाफ न्यायालय में चालान दाखिल किया जा चुका है।
सूत्रों के मुताबिक, जांच एजेंसी इस मामले में वित्तीय लेन-देन, टेंडर प्रक्रिया और कंपनियों की भूमिका की गहराई से पड़ताल कर रही है। आने वाले समय में और भी खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल इस पूरे मामले की जांच जारी है।



