बिलासपुर। जिले के सरकंडा थाना क्षेत्र के राजकिशोर नगर में बीती रात एक हृदयविदारक घटना ने सभी को हिला कर रख दिया। कक्षा 9वीं में पढ़ने वाली 15 वर्षीय छात्रा अदिति ने रात करीब डेढ़ बजे घर से अचानक निकलकर अरपा नदी के छठघाट पुल से नदी में छलांग लगा दी। मौके पर मौजूद बड़ी बहन और आसपास के लोगों के लाख प्रयासों के बावजूद उसे बचाया नहीं जा सका।
परिजनों के अनुसार, अदिति रात में नीचे के कमरे में अपनी बड़ी बहन के साथ पढ़ाई कर रही थी। अचानक वह बिना कुछ कहे तेजी से बाहर निकली और नदी की ओर दौड़ पड़ी। बड़ी बहन ने पीछा किया और रोकने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। घटना की सूचना मिलते ही सरकंडा पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से तलाशी अभियान चलाया। कुछ देर बाद नदी से छात्रा का शव बरामद कर लिया गया।
मृतका के पिता अरुण कुमार ने बताया कि वे और उनकी पत्नी ऊपरी मंजिल पर सो रहे थे। अचानक नीचे से भागने की आवाज आई, लेकिन उन्हें समझ नहीं आया कि बेटी ने इतना भयावह कदम क्यों उठाया। आत्महत्या के पीछे के कारणों का अभी तक कोई पता नहीं चल सका है।
पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की गहन जांच शुरू कर दी है। इलाके में मातम का माहौल है और परिजन गहरे शोक में डूबे हुए हैं।



