बालोद। जिले के डौंडी स्थित एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय में कक्षा 10वीं के छात्र की फंदे पर लटकी लाश मिलने से हड़कंप मच गया। मृतक छात्र की पहचान विनय कुमार (पिता कामता राम) के रूप में हुई है, जो ग्राम रीवागहन खेरथा का रहने वाला था। घटना के बाद विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों में भी अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़े :- खाद चोरी के आरोप में दो युवकों को गांव में घुमाया, कंधे पर लादकर चलवाई यूरिया की बोरी
जानकारी के मुताबिक, गुरुवार सुबह विद्यालय में पीटी का आयोजन हुआ था। विनय पीटी में शामिल होने नहीं पहुंचा। पीटी के बाद जब अन्य छात्र वापस लौटे तो उन्होंने कमरे में विनय को फंदे पर लटका देखा। छात्र ने विद्यालय के कमरा नंबर 16 में यह कदम उठाया था।
घटना की सूचना तत्काल डौंडी पुलिस को दी गई। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। मामले की जानकारी मिलने पर सहायक आयुक्त भी विद्यालय पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली।
आत्मघाती कदम की वजह अभी स्पष्ट नहीं
फिलहाल छात्र ने ऐसा कदम क्यों उठाया, इसका कारण सामने नहीं आया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस छात्र के सहपाठियों, विद्यालय प्रबंधन और करीबियों से पूछताछ कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।




