रामपुरहाट (पश्चिम बंगाल) : पश्चिम बंगाल के बीरभूम जिले के रामपुरहाट में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के वरिष्ठ नेता, पूर्व मंत्री और राज्य विधानसभा के पूर्व डिप्टी स्पीकर डॉ. आशीष बनर्जी का शव रविवार सुबह संदिग्ध परिस्थितियों में फांसी के फंदे से लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- युवती से कहासुनी के बाद युवक को कार से कुचला, मौत; आरोपी के खिलाफ हत्या का केस दर्ज
पुलिस के अनुसार, रामपुरहाट के हट्टालापाड़ा स्थित उनके आवास के पास पार्टी कार्यालय में उनका शव पाया गया। घटना की खबर मिलते ही बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोग मौके पर एकत्र हो गए।
सुसाइड नोट में लिखा— ‘राजनीति में आना सबसे बड़ी भूल’
घटनास्थल से पुलिस को एक पन्ने का कथित सुसाइड नोट बरामद हुआ है। सूत्रों के मुताबिक, नोट में उन्होंने अपनी मौत के लिए किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया है और राजनीति में आने के फैसले को अपने जीवन की सबसे बड़ी भूल बताया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि सुसाइड नोट की प्रामाणिकता की जांच की जा रही है और मौत के सही कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।
पार्टी नेताओं ने जताया शोक
घटना पर शोक व्यक्त करते हुए टीएमसी नेता अब्बास हुसैन ने कहा कि सुबह करीब 7:15 बजे इस घटना की जानकारी मिली। उन्होंने इस घटना को अत्यंत दुखद और चौंकाने वाला बताया।
लंबा रहा राजनीतिक सफर
डॉ. आशीष बनर्जी रामपुरहाट विधानसभा क्षेत्र से लगातार पांच बार विधायक रहे। उन्होंने ममता बनर्जी सरकार में 2017 से 2021 तक कृषि मंत्री के रूप में जिम्मेदारी निभाई और वर्ष 2021 से 2026 तक पश्चिम बंगाल विधानसभा के डिप्टी स्पीकर के पद पर रहे। हाल ही में संपन्न हुए 2026 के विधानसभा चुनाव में उन्हें भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार ध्रुव साहा से शिकस्त का सामना करना पड़ा था, जिसके बाद से वे सक्रिय राजनीति से दूरी बनाए हुए थे।




