किश्तवाड़ / शोपियां: जम्मू-कश्मीर के किश्तवाड़ और शोपियां जिलों में शनिवार तड़के मौसम के बदले मिजाज ने भारी तबाही मचाई। किश्तवाड़ जिले के चतरू क्षेत्र में शनिवार सुबह करीब 2:30 बजे बादल फटने से अचानक आई तेज बाढ़ में कई गाड़ियां बह गईं और व्यावसायिक दुकानों को नुकसान पहुंचा। वहीं, दक्षिण कश्मीर के शोपियां जिले के पहलपोरा में मूसलाधार बारिश के चलते कई रिहायशी मकानों में पानी भर गया, जिससे स्थानीय निवासियों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
यह भी पढ़े :- कुलगाम में आतंकियों की कायराना करतूत: अंधाधुंध गोलीबारी में छत्तीसगढ़ के मजदूर की मौत, दूसरा गंभीर
किश्तवाड़: चतरू-किश्तवाड़ हाईवे बंद, कोई हताहत नहीं
किश्तवाड़ के चतरू इलाके में तड़के हुए इस हादसे के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर चतरू-किश्तवाड़ राष्ट्रीय राजमार्ग को वाहनों की आवाजाही के लिए पूरी तरह बंद कर दिया है। राहत की बात यह है कि इस घटना में अब तक किसी के हताहत या घायल होने की सूचना नहीं है।
केंद्रीय मंत्री जितेंद्र सिंह ने सोशल मीडिया के जरिए जानकारी दी कि उन्होंने किश्तवाड़ के उपायुक्त (DC) पंकज कुमार शर्मा से स्थिति का जायजा लिया है। उन्होंने बताया कि कुछ व्यावसायिक दुकानों को क्षति पहुंची है, जिसके लिए प्रभावितों को उचित मुआवजा दिया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने यह भी स्पष्ट किया कि पिछले साल चसोती की घटना के बाद सरकार ने किश्तवाड़ और मछैल में दो अत्याधुनिक “अर्ली वार्निंग सिस्टम” (EWS) स्थापित किए हैं, जबकि पाडर में एक “ऑटोमैटिक वेदर स्टेशन” (AWS) लगाने की प्रक्रिया जारी है।
शोपियां: घरों में घुसा पानी, SDRF और पुलिस का राहत अभियान
दूसरी ओर, शोपियां जिले के पहलपोरा में भारी बारिश के कारण जलभराव की गंभीर स्थिति उत्पन्न हो गई है। सड़कों का पानी कई घरों में घुस जाने से जनजीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस और राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) की टीमों ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला।
प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने और जल निकासी के प्रयास किए जा रहे हैं। सोशल मीडिया पर पहलपोरा में भी बादल फटने की अफवाहें तैर रही थीं, हालांकि अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि बादल फटने की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है और जलभराव के सटीक कारणों की जांच की जा रही है।



