संगारेड्डी। तेलंगाना के संगारेड्डी जिले में गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। पेड्डाकंजेरला गांव में बुधवार को विसर्जन के दौरान छह छात्र तालाब में डूब गए। हादसे में सभी की मौत हो गई। मृतकों की उम्र 17 से 22 वर्ष के बीच बताई गई है।
पुलिस के अनुसार, घटना साइबराबाद कमिश्नरेट के पाटनचेरु थाना क्षेत्र में आने वाले पेड्डाकंजेरला गांव की है। गणेश प्रतिमा विसर्जन के दौरान युवक नेरेडु चेरुवु तालाब में गिर गए और गहरे पानी में डूब गए।
स्थानीय लोगों ने बाहर निकाला
हादसे के बाद मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने युवकों को तालाब से बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद सभी को मृत घोषित कर दिया।
मृतकों की पहचान नरसिम्हा (21), तेजा (17), सिद्धार्थ (17), गणेश (18), सुमंत रेड्डी (17) और उदय किरण (22) के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना की जानकारी जुटाते हुए आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने जताया दुख
तेलंगाना के मुख्यमंत्री ए. रेवंत रेड्डी ने हादसे पर गहरा दुख जताया। उन्होंने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए जिला प्रशासन को प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को गणेश विसर्जन के दौरान सुरक्षा और सावधानी के पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।
मंत्री सीताक्का ने कलेक्टर से ली जानकारी
महिला एवं बाल कल्याण मंत्री सीताक्का ने भी हादसे पर शोक व्यक्त किया। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए कहा कि दुख की इस घड़ी में सरकार प्रभावित परिवारों के साथ खड़ी है।
मंत्री ने संगारेड्डी जिला कलेक्टर से फोन पर बातचीत कर घटना की जानकारी ली। उन्होंने हादसे के कारण, राहत एवं बचाव कार्य और प्रभावित परिवारों को उपलब्ध कराई जा रही सहायता के संबंध में अधिकारियों से जानकारी मांगी।




