धमतरी। जिले के जंगल क्षेत्र में भालुओं के हमले से हड़कंप मच गया। उदंती-सीतानदी टाइगर रिजर्व के अरसीकन्हार रेंज स्थित तुमडीबहार इलाके में जंगल की ओर जा रहे दो युवकों पर अचानक चार भालुओं ने हमला कर दिया। घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि दूसरा किसी तरह मौके से भागकर अपनी जान बचाने में सफल रहा।
यह भी पढ़े :- भूपेश सरकार में हुआ संवैधानिक अधिकारों का हनन, जीएसटी इंस्पेक्टर पदोन्नति में घोटाला : डॉ. विजयशंकर मिश्रा
जानकारी के मुताबिक, दोनों युवक जंगल की ओर जा रहे थे। इसी दौरान अचानक चार भालू उनके सामने आ गए और दोनों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों युवक घबरा गए। एक युवक किसी तरह वहां से भाग निकला, जबकि दूसरा भालुओं की चपेट में आ गया।
बताया जा रहा है कि भालुओं के हमले के दौरान युवक ने हिम्मत दिखाई और जोर-जोर से शोर मचाकर मदद के लिए पुकार लगाई। उसकी चीख-पुकार सुनकर भालू उसे छोड़कर जंगल की ओर भाग गए।
हमले में घायल युवक को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नगरी लाया गया, जहां उसका उपचार किया गया। घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है।
जंगल क्षेत्र में वन्यजीवों की लगातार मौजूदगी को देखते हुए ग्रामीणों से सतर्क रहने और जंगल की ओर अकेले नहीं जाने की अपील की जा रही है। वन क्षेत्र में आवाजाही के दौरान सावधानी बरतने की सलाह भी दी गई है।




