जांजगीर-चांपा। जिले के बलौदा विकासखंड अंतर्गत ग्राम काठापाली स्थित शासकीय प्राथमिक/माध्यमिक विद्यालय में एक शिक्षिका द्वारा बच्चों के समक्ष तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधि को अंजाम देने का सनसनीखेज मामला सामने आया है।
यह भी पढ़े :- किश्तवाड़ और शोपियां में कुदरत का कहर: बादल फटने और भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त, कई वाहन बहे
इस अजीबोगरीब वाकये से मासूम बच्चे बुरी तरह सहम गए। परिजनों के भारी विरोध और शिकायत के बाद शिक्षा विभाग ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित शिक्षिका को कारण बताओ (Show Cause) नोटिस जारी कर जवाब तलब किया है।
क्या है पूरा मामला?
जानकारी के अनुसार, स्कूल में पदस्थ शिक्षिका गीता कुम्भकार की सोने की बाली परिसर में कहीं गुम हो गई थी। काफी खोजबीन के बाद जब बाली नहीं मिली, तो शिक्षिका ने अजीब रास्ता अपनाया। वे लाल कपड़े में नारियल और चावल (अक्षत) रखकर सीधे बच्चों के बीच पहुँच गईं। शिक्षिका ने बच्चों के सामने तंत्र-मंत्र जैसी गतिविधि करते हुए चेतावनी दी कि ‘जिसने भी बाली ली है, वह चुपचाप लौटा दे, वरना इसके गंभीर परिणाम भुगतने होंगे।’
परिजनों में आक्रोश, अधिकारियों तक पहुँचा मामला
शिक्षिका की इस धमकी और टोने-टोटके से बच्चे डर गए और घर पहुँचकर परिजनों को पूरी आपबीती सुनाई। घटना से आक्रोशित अभिभावकों ने तत्काल स्कूल पहुँचकर प्रधानपाठक से कड़ी आपत्ति जताई। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए प्रधानपाठक ने तुरंत इसकी सूचना विकासखंड शिक्षा अधिकारी (BEO) और जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) को दी।
DEO ने लिया संज्ञान, होगी कार्रवाई
शिकायत मिलते ही जिला शिक्षा अधिकारी ने मामले की प्राथमिक जांच करवाई और शिक्षिका गीता कुम्भकार को कारण बताओ नोटिस थमा दिया।



