रायपुर/आरंग। राजधानी रायपुर से लगे आरंग क्षेत्र में एक शिक्षक की हत्या से सनसनी फैल गई। महानदी के तट पर बनचरौदा के पास शिक्षक शिवकुमार चंद्राकर का शव खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में सिर पर भारी वस्तु से वार किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
यह भी पढ़े :- रायपुर में मोबाइल लूट-चोरी के अंतर्राज्यीय सिंडिकेट का खुलासा, 5 गिरफ्तार; 100 वारदातों का दावा
मृतक शिवकुमार चंद्राकर शासकीय विद्यालय कुम्हारी में शिक्षक के पद पर पदस्थ थे और डंगनिया (चंपारण) के रहने वाले थे। वे किसान नेता रुपन चंद्राकर के भतीजे बताए जा रहे हैं।
घटनास्थल पर मिली बाइक
जानकारी के मुताबिक, शिवकुमार का शव महानदी किनारे मिला। घटनास्थल से उनकी बाइक भी बरामद हुई है। सिर पर गंभीर चोट के निशान मिलने के बाद पुलिस हत्या के एंगल से मामले की जांच कर रही है।
सूचना मिलते ही आरंग थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल को सुरक्षित कर जांच शुरू की। पुलिस ने आसपास के लोगों से पूछताछ की है। शुरुआती जांच में रंजिश समेत अन्य संभावित कारणों को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
मामले की गंभीरता को देखते हुए रायपुर से डॉग स्क्वायड और फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल की बारीकी से जांच कर संभावित साक्ष्य जुटाए हैं।
पुलिस ने परिजनों को घटना की सूचना देने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या का मामला दर्ज कर पुलिस आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच में जुटी है।




