Raipur News: राजधानी रायपुर में एक कारोबारी को कथित तौर पर हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। कारोबारी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो युवतियों के खिलाफ ब्लैकमेल, अवैध उगाही और धमकी देने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- नाबालिग छात्र का अपहरण कर बेरहमी से पिटाई, 6 आरोपी पुलिस हिरासत में
पुलिस के अनुसार, शंकर नगर स्थित न्यू सेल्स टैक्स कॉलोनी निवासी कारोबारी जयंत चौधरी (38) ने शिकायत में बताया कि मई 2026 में उनकी मुलाकात गुढ़ियारी निवासी नित्या सिंह और पायल उर्फ आंचल तिवारी से हुई थी। इसके बाद दोनों युवतियां लगातार उनके संपर्क में रहीं और नौकरी दिलाने तथा पार्लर शुरू कराने जैसे बहाने बनाकर पैसों की मांग करती रहीं। (Raipur News)
शिकायतकर्ता का आरोप है कि दोनों युवतियों ने उनके फोटो और वीडियो अपने पास होने का दावा करते हुए उन्हें सोशल मीडिया पर वायरल करने, परिवार और कार्यालय में बदनाम करने तथा दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की कथित धमकी दी। आरोप है कि इन धमकियों से डरकर उन्होंने 25 हजार रुपये दे दिए, लेकिन इसके बाद भी पैसों की मांग और धमकियां जारी रहीं।
शिकायत के आधार पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दोनों आरोपित युवतियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दोनों पक्षों के मोबाइल फोन, चैट, कॉल डिटेल रिकॉर्ड (सीडीआर) और अन्य इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों की जांच कर रही है, ताकि पूरे घटनाक्रम की सत्यता का पता लगाया जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सबूतों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और आरोपों की पुष्टि होना बाकी है। (Raipur News)


