जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ के जांजगीर में शादी कराने का झांसा देकर लाखों रुपये की ठगी करने वाले गिरोह का साइबर थाना पुलिस ने पर्दाफाश किया है। मामले में पुलिस ने एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपी राजनांदगांव जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। गिरफ्तारी के बाद आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।
शादी का भरोसा देकर ऐंठे 6.65 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक, साइबर क्राइम पोर्टल पर एक पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि शादी कराने का झांसा देकर उससे 6 लाख 65 हजार रुपये की ठगी की गई है। शिकायत मिलने के बाद जांजगीर साइबर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू की।
यह भी पढ़े :- चलो दिल्ली: ‘वोट चोरी’ के आरोपों पर कांग्रेस का हल्ला बोल, INDIA गठबंधन का सुप्रीम कोर्ट तक मार्च आज
जांच के दौरान ठगी के आरोपियों के राजनांदगांव जिले में होने की जानकारी मिली। इसके बाद पुलिस टीम ने वहां दबिश देकर एक महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
पहले मैरिज ब्यूरो में करती थी काम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार महिला की पहचान भूमिका रंगारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह पहले एक मैरिज ब्यूरो में काम करती थी। वहां से काम छोड़ने के बाद उसने कथित तौर पर एक फर्जी संस्था शुरू की।
आरोप है कि महिला मोबाइल फोन के जरिए लोगों से संपर्क करती थी और उन्हें शादी कराने का भरोसा दिलाकर अपने जाल में फंसाती थी। इसके बाद शादी कराने के नाम पर उनसे रकम वसूली जाती थी। इसी तरीके से एक पीड़ित से 6.65 लाख रुपये की ठगी किए जाने की शिकायत सामने आई।
न्यायिक हिरासत में भेजे गए आरोपी
शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए साइबर थाना पुलिस ने महिला समेत पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस मामले में गिरोह की भूमिका और ठगी के तरीके से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है।




