सक्ती। सक्ती जिले के अड़भार थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां स्कूल जा रहे एक नाबालिग छात्र का अपहरण कर सुनसान इलाके में उसे अर्धनग्न कर बेरहमी से पीटा गया।
यह भी पढ़े :- हॉर्मुज जलडमरूमध्य बंद करने पर भड़का अमेरिका; ईरान के 7 शहरों पर ताबड़तोड़ हवाई हमले
इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने अब तक 6 आरोपियों को हिरासत में ले लिया है, जिनमें 4 नाबालिग शामिल हैं।
स्कूल जाते समय रास्ते से उठाया
प्राप्त जानकारी के अनुसार, आत्मानंद स्कूल (सेजेस) का एक नाबालिग छात्र शुक्रवार सुबह करीब 11:30 बजे अपने घर से स्कूल के लिए निकला था। दोपहर करीब 12 बजे जब वह स्कूल के समीप पहुंचा, तभी चार बाइकों पर सवार 8 से 9 युवकों ने उसे जबरन रोक लिया और डरा-धमकाकर अपनी बाइक पर बैठा लिया। आरोपी छात्र को शनि मंदिर के पीछे स्थित गौठान (सुनसान इलाके) में ले गए।
कपड़े उतरवाकर लात-घूंसों से पीटा, नकदी भी छीनी
परिजनों द्वारा दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपियों ने छात्र को बंधक बनाकर उसके कपड़े उतरवा दिए और अर्धनग्न अवस्था में उस पर लात-घूंसों और थप्पड़ों की बरसात कर दी। बर्बरता की हद पार करते हुए आरोपियों ने छात्र से उसकी बाइक की चाबी और जेब में रखे नकदी भी लूट लिए। वारदात के बाद दहशतजदा छात्र किसी तरह शाम करीब 4 बजे अपने घर पहुंचा और आपबीती परिजनों को सुनाई।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने से मचा हड़कंप
घटना के दौरान वहां मौजूद किसी शख्स ने इस पूरी प्रताड़ना का वीडियो बना लिया और उसे सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो में एक युवक छात्र पर बेरहमी से मुक्के और थप्पड़ बरसाता नजर आ रहा है। पृष्ठभूमि में किसी का ‘मोबाइल नंबर’ लेने-देने को लेकर विवाद की आवाजें सुनाई दे रही हैं। हालांकि, पुलिस ने अभी तक विवाद के मुख्य कारण की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।



