बिलासपुर। बिल्हा विधानसभा क्षेत्र के ग्राम कड़ार सेवार में बदहाल सड़क को लेकर कांग्रेस ने अनोखे अंदाज में विरोध प्रदर्शन किया। सड़क पर बने गहरे गड्ढों में भरे बारिश के पानी को तालाब का रूप देते हुए कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जाल डालकर प्रतीकात्मक मछली पालन किया। इस अनूठे प्रदर्शन के जरिए उन्होंने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों का ध्यान सड़क की बदहाल स्थिति की ओर आकर्षित करने का प्रयास किया।
यह भी पढ़े :- नाले से अर्धनग्न अवस्था में महिला का शव बरामद, पहचान में जुटी पुलिस
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों के लिए प्रमुख संपर्क मार्ग है, लेकिन वर्षों से इसकी हालत बेहद खराब बनी हुई है। बरसात के दौरान सड़क पर बने बड़े-बड़े गड्ढों में पानी भर जाने से आवागमन मुश्किल हो जाता है। सबसे अधिक परेशानी स्कूली बच्चों, दोपहिया वाहन चालकों और रोजाना सफर करने वाले ग्रामीणों को उठानी पड़ रही है।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस ने आरोप लगाया कि सड़क की जर्जर स्थिति के कारण कई छोटे-बड़े हादसे हो चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद न तो संबंधित विभाग ने मरम्मत कराई और न ही नई सड़क निर्माण की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया। उनका कहना है कि ग्रामीण लंबे समय से सड़क निर्माण की मांग कर रहे हैं, लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों ने इस ओर ध्यान नहीं दिया।
कांग्रेस नेताओं ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपे गए और शिकायतें भी की गईं, लेकिन समस्या जस की तस बनी हुई है। लगातार अनदेखी से नाराज होकर कार्यकर्ताओं ने यह सांकेतिक प्रदर्शन किया, ताकि शासन-प्रशासन तक ग्रामीणों की आवाज पहुंच सके।
प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही सड़क निर्माण या मरम्मत का कार्य शुरू नहीं किया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। ग्रामीणों ने भी प्रशासन से मांग की है कि बरसात के मौसम को देखते हुए सड़क की तत्काल मरम्मत कर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित किया जाए।



