अंबिकापुर। जिले के गुदरी चौक स्थित एक निजी अस्पताल पर इलाज के नाम पर मरीज के परिजनों से कथित तौर पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अस्पताल संचालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के तहत एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़े :- जर्जर सड़क पर कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन, गड्ढों में भरे पानी में किया प्रतीकात्मक मछली पालन
आरोप है कि अस्पताल ने परिजनों को आयुष्मान भारत कार्ड ब्लॉक होने की बात कहकर 1.60 लाख रुपये नकद जमा करा लिए। बाद में पता चला कि अस्पताल ने उसी मरीज के इलाज के लिए आयुष्मान भारत योजना से भी 1.50 लाख रुपये से अधिक का क्लेम लिया था।
पीड़ित का कहना है कि नकद राशि लेने के बावजूद अस्पताल ने इलाज का कोई बिल या रसीद भी नहीं दी। शिकायत के बाद पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि क्या अस्पताल ने अन्य मरीजों के साथ भी इसी तरह की धोखाधड़ी की है। आरोप सही पाए जाने पर संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



