कोरबा, 14 जून। School Recognition Cancelled : कोरबा जिले में शिक्षा विभाग ने एक बड़ी और सख्त कार्रवाई करते हुए तुलसीनगर स्थित कौशिल उच्चतर माध्यमिक विद्यालय की मान्यता और संचालन अनुमति निरस्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) ने स्कूल प्रबंधन को तीन दिनों के भीतर सभी छात्र-छात्राओं की कक्षावार सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है, ताकि बच्चों को नजदीकी शासकीय विद्यालयों में समायोजित किया जा सके और उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।
शासकीय भूमि पर अवैध कब्जे की पुष्टि
जानकारी के अनुसार, ‘गौरव युवा मंडल तुलसीनगर कोरबा’ द्वारा संचालित इस विद्यालय के खिलाफ शिकायत मिली थी कि संस्था वर्षों से शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा कर स्कूल का संचालन कर रही है। शिकायत की जांच के बाद जिला प्रशासन और शिक्षा विभाग ने आरोपों को सही पाया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर जिला स्तरीय समिति की बैठक में मामले पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति की अनुशंसा के बाद विद्यालय को पूर्व में दी गई विभागीय अनुमति तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दी गई। इसके साथ ही अब स्कूल की मान्यता समाप्त करने और संचालन बंद करने की वैधानिक प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
हाईकोर्ट से लेकर कलेक्टर तक भेजी गई रिपोर्ट
शिक्षा विभाग ने इस कार्रवाई की जानकारी देते हुए आदेश की प्रतिलिपि छत्तीसगढ़ उच्च न्यायालय बिलासपुर, लोक शिक्षण संचालनालय रायपुर, कलेक्टर कोरबा, पुलिस अधीक्षक कोरबा और संयुक्त संचालक शिक्षा संभाग बिलासपुर सहित संबंधित अधिकारियों को भेज दी है।
बच्चों की पढ़ाई पर नहीं पड़ेगा असर
विभाग ने स्पष्ट किया है कि विद्यालय में अध्ययनरत विद्यार्थियों के हितों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाएगी। इसी उद्देश्य से छात्रों की सूची मांगी गई है, ताकि उन्हें नजदीकी शासकीय विद्यालयों में समायोजित किया जा सके। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई को जिले में अवैध कब्जे और नियमों के विरुद्ध संचालित संस्थानों के खिलाफ बड़ा संदेश माना जा रहा है।



