बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर सेंट्रल जेल परिसर में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहाँ डबल मर्डर के मामले में उम्रकैद की सजा काट रहे एक कैदी ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। बंदी ने जेल में स्थित गैसीफायर प्लांट की जलती हुई भट्ठी में छलांग लगा दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद जेल प्रशासन और बंदियों के बीच हड़कंप मच गया।
रसोई के लिए गैस बनाने वाले प्लांट में कूदा
मृतक की पहचान बम्हनीडीह (चांपा) निवासी राहुल उर्फ विकेश कंवर (46) के रूप में हुई है। वह पिछले करीब 10 वर्षों से बिलासपुर सेंट्रल जेल में बंद था।
जानकारी के अनुसार, जेल परिसर में रसोई का खाना पकाने के लिए लकड़ियों से गैस तैयार करने वाला गैसीफायर प्लांट स्थापित है। बुधवार को जब भट्ठी चालू थी, तब राहुल अचानक प्लांट के समीप पहुँचा और बिना किसी को संभलने का मौका दिए जलती भट्ठी में कूद गया। जेलकर्मियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन अत्यधिक झुलस जाने के कारण उसकी जान नहीं बचाई जा सकी।
कलेक्टर व SSP ने किया निरीक्षण, न्यायिक जांच के निर्देश
घटना की सूचना मिलते ही बिलासपुर कलेक्टर संजय अग्रवाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) रजनेश सिंह पुलिस बल के साथ सेंट्रल जेल पहुँचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का गहन निरीक्षण किया और जेल अधिकारियों से पूरे मामले की जानकारी ली।
फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) और पुलिस की टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं। घटना किन परिस्थितियों में हुई, कैदी सुरक्षा घेरा तोड़कर प्लांट तक कैसे पहुँचा और इसके पीछे की असली वजह क्या थी, इन सभी बिंदुओं पर बारीकी से जांच की जा रही है।



