खैरागढ़, 25 मई। BEO Office Viral Video : छत्तीसगढ़ के खैरागढ़ जिले में बीईओ कार्यालय में कथित शराब पार्टी और अमर्यादित व्यवहार का मामला अब प्रशासनिक कार्रवाई तक पहुंच गया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने और लगातार उठ रहे सवालों के बाद शिक्षा विभाग ने दो कर्मचारियों को निलंबित कर दिया है। इस कार्रवाई के बाद पूरे शिक्षा विभाग में हड़कंप की स्थिति बन गई है।
दो कर्मचारियों पर गिरी गाज
जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार बीईओ कार्यालय खैरागढ़ में पदस्थ सहायक ग्रेड-02 रविन्द्र सिंह गहरवार और शासकीय प्राथमिक शाला संडी के प्रधान पाठक सुनील कुमार वर्मा को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। आदेश में कहा गया है कि सोशल मीडिया और समाचार माध्यमों में वायरल वीडियो के जरिए शासकीय कार्यालय परिसर में शराब सेवन और अमर्यादित व्यवहार की जानकारी सामने आई थी, जो प्रथम दृष्टया छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम 1965 के विपरीत पाया गया।
VIDEO वायरल होने के बाद मचा बवाल
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो में कुछ कर्मचारी कार्यालय परिसर के भीतर कथित रूप से शराब सेवन करते दिखाई दे रहे थे। वीडियो सामने आने के बाद स्थानीय लोगों और अभिभावकों में नाराजगी बढ़ गई थी। जिस कार्यालय से जिले की शिक्षा व्यवस्था संचालित होती है, वहीं इस तरह की गतिविधियों का सामने आना विभागीय अनुशासन पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है।
कार्रवाई में देरी पर भी उठे सवाल
वीडियो वायरल होने के बाद कई दिनों तक विभागीय स्तर पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई। स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर लगातार मामला उठने के बाद आखिरकार प्रशासन को कार्रवाई करनी पड़ी। अब लोगों के बीच यह चर्चा तेज है कि यदि वीडियो सार्वजनिक नहीं होता, तो क्या विभाग की ओर से कोई कदम उठाया जाता।
जांच शुरू, और खुलासों की संभावना
आदेश के मुताबिक निलंबन अवधि के दौरान दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय बीईओ कार्यालय छुईखदान निर्धारित किया गया है। वहीं विभागीय जांच की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। माना जा रहा है कि जांच में आने वाले दिनों में और भी नाम सामने आ सकते हैं।



