धमतरी। जिले के कुरूद थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश को लेकर एक युवक पर दिनदहाड़े चाकू से हमला किए जाने का मामला सामने आया है। हमले में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की तलाश जारी है।
यह भी पढ़े :- भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव सड़क हादसे में घायल, झांसी मेडिकल कॉलेज में भर्ती
जानकारी के अनुसार, घटना कुरूद के सुनील सिनेमा के पास हुई। घायल युवक वेदप्रकाश किसी काम से जा रहा था, तभी पुरानी रंजिश रखने वाले दो युवक वहां पहुंचे और उसे रोक लिया। कुछ ही देर में विवाद बढ़ गया, जिसके बाद आरोपियों ने धारदार हथियार से उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में युवक की कमर पर कई वार किए गए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।
वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर घायल को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कुरूद थाना पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की और त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी खिलेश यादव को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस दूसरे फरार आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।
पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में हमला पुरानी रंजिश का परिणाम प्रतीत हो रहा है। मामले में आगे की विवेचना जारी है।



