कवर्धा। कबीरधाम जिले में जुआ-सट्टा और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बोड़ला थाना पुलिस और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 जुआरियों को रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से नकदी, मोबाइल फोन और ताश की गड्डियां बरामद की गई हैं।
यह भी पढ़े :- नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, ब्रांडेड बोतलों में भरकर बेची जा रही थी मिलावटी शराब
पुलिस को सूचना मिली थी कि ग्राम खैरबनाखुर्द में कुछ लोग सार्वजनिक स्थान पर रुपये-पैसों का दांव लगाकर जुआ खेल रहे हैं। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह के निर्देश और एसडीओपी बोड़ला अखिलेश कौशिक के मार्गदर्शन में विशेष टीम का गठन किया गया।
टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और जुआ फड़ पर छापा मारते हुए 10 लोगों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों के पास से 21,260 रुपये नकद, 8 मोबाइल फोन और 52 पत्ती ताश की गड्डी जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 92,260 रुपये आंकी गई है।
पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया जारी है।
पुलिस अधीक्षक धर्मेन्द्र सिंह ने कहा कि जिले में जुआ, सट्टा, अवैध शराब, मादक पदार्थों की तस्करी और अन्य असामाजिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि अपने आसपास होने वाली किसी भी अवैध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें, ताकि समय पर प्रभावी कार्रवाई की जा सके।




