अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में खेत में बिछाए गए करंट की चपेट में आने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए खेत में करंट प्रवाहित किया गया था। इसी दौरान युवक उसकी चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी जान चली गई। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
झिलमिली जंगल के पास हुआ हादसा
घटना लखनपुर थाना क्षेत्र की कुन्नी पुलिस चौकी अंतर्गत रेमहला और लवजी गांव के बीच स्थित झिलमिली जंगल के पास की है। मृतक की पहचान जुगेश्वर पिता शंकर पावले (25 वर्ष) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, खेत में लगी फसल को जंगली सूअरों से बचाने के लिए करंट बिछाया गया था। इसी दौरान युवक उसके संपर्क में आ गया। करंट का झटका लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
अस्पताल की मर्चुरी में रखवाया गया शव
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की। रात होने के कारण शव का पोस्टमार्टम नहीं हो सका। इसके बाद शव को लखनपुर अस्पताल की मर्चुरी में रखवा दिया गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
पुलिस ने मर्ग कायम कर घटना की जांच शुरू कर दी है। खेत में करंट किसने और किन परिस्थितियों में बिछाया था, इसकी जानकारी जांच के बाद स्पष्ट हो सकेगी। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।




