धमतरी। जिले में तेंदुए की मौजूदगी से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। कारीपानी गांव में एक तेंदुआ अचानक घर में घुस गया और वहां मौजूद तीन लोगों पर हमला कर दिया। हमले में तीनों घायल हो गए, जिनमें से दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। सभी घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी रेफर किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, कारीपानी गांव में एक महिला घर के बाहर बर्तन धो रही थी। इसी दौरान जंगल की ओर से अचानक तेंदुआ वहां पहुंच गया और घर के भीतर घुस गया। तेंदुए ने घर में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हमले में तीन लोग घायल हुए हैं। इनमें दो की हालत गंभीर बताई जा रही है। प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी भेजा गया है।
बहीगांव में भी दिखा तेंदुआ, ग्रामीणों में डर
इधर, आज सुबह बहीगांव में भी तेंदुआ दिखाई देने की जानकारी सामने आई है। लगातार तेंदुए की मौजूदगी से आसपास के गांवों में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों में अपने और परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। तेंदुए के हमले के बाद ग्रामीणों ने वन विभाग से इलाके में निगरानी बढ़ाने और तेंदुए को सुरक्षित तरीके से पकड़ने की मांग की है। फिलहाल ग्रामीणों को सतर्क रहने की सलाह दी जा रही है।




