कवर्धा । नगर के गुप्ता धर्मशाला के पास स्थित एक टेंट हाउस और फर्नीचर दुकान में अचानक भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही देर में दुकान का बड़ा हिस्सा इसकी चपेट में आ गया। घटना के दौरान आसपास के क्षेत्र में काले धुएं का घना गुबार छा गया, जिससे लोगों में दहशत फैल गई।
यह भी पढ़े :- नकली शराब फैक्ट्री का भंडाफोड़, ब्रांडेड बोतलों में भरकर बेची जा रही थी मिलावटी शराब
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्काल दमकल विभाग और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। पांडातराई पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति पर नजर बनाए रही।
गनीमत रही कि घटना के समय दुकान के भीतर कोई व्यक्ति मौजूद नहीं था, जिससे किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। हालांकि आग की चपेट में आने से दुकान में रखा फर्नीचर, टेंट सामग्री और अन्य सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आगजनी की इस घटना में लाखों रुपये के नुकसान की आशंका जताई जा रही है। पुलिस और संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहे हैं तथा नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



