रायगढ़। जिले में नकली शराब के बड़े अवैध कारोबार का खुलासा करते हुए पुलिस ने खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम धनागर में छापेमार कार्रवाई कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से बड़ी मात्रा में नकली अंग्रेजी शराब, डुप्लीकेट होलोग्राम, पैकिंग सामग्री और शराब बनाने में उपयोग होने वाले उपकरण बरामद किए गए हैं। पुलिस को आशंका है कि इस कारोबार से शासन को भारी आबकारी राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा था और उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य से भी खिलवाड़ किया जा रहा था।
यह भी पढ़े :- धरसीवां दुष्कर्म मामले में नया मोड़, वायरल वीडियो के बाद पुलिस ने शुरू की पुनः जांच
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी दुष्यंत पटेल उर्फ पप्पू अपने साथियों के साथ मिलकर झारखंड, ओडिशा और अन्य राज्यों से शराब लाता था। इसके बाद शराब में स्प्रिट और अन्य पदार्थ मिलाकर मात्रा बढ़ाई जाती थी तथा खाली ब्रांडेड बोतलों में भरकर नकली होलोग्राम और लेबल लगाकर बाजार में असली शराब के रूप में बेचा जाता था।

गायशाला से मिला शराब का जखीरा
एसएसपी के निर्देश पर चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने आरोपी के घर परिसर में स्थित गायशाला और अन्य हिस्सों की तलाशी ली। यहां से विभिन्न नामी ब्रांडों की पैकेजिंग में बड़ी मात्रा में शराब बरामद की गई। पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि बरामद शराब नकली और मिलावटी थी, जिसे बाजार में खपाने की तैयारी थी।
कोरोना काल से चला रहा था अवैध कारोबार
जांच में सामने आया कि आरोपी अपने भाई सुभाष पटेल और सहयोगी विनय सिंह के साथ मिलकर लंबे समय से इस नेटवर्क का संचालन कर रहा था। शराब तैयार करने के लिए स्प्रिट के साथ अन्य पदार्थों का उपयोग किया जाता था। पुरानी शराब की बोतलों को साफ कर उन पर नकली लेबल और होलोग्राम चिपकाकर दोबारा पैक किया जाता था।
240 लीटर नकली शराब जब्त
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने 869 नग विभिन्न पैमानों की करीब 240 लीटर नकली शराब, स्प्रिट के ड्रम, खाली बोतलें, ढक्कन, पैकिंग सामग्री और अन्य उपकरण जब्त किए हैं। पुलिस के मुताबिक इस अवैध कारोबार से करीब 2.16 लाख रुपये का मुनाफा अर्जित किया जाना था।
फरार आरोपियों की तलाश जारी
गिरफ्तार आरोपी से पूछताछ के बाद पुलिस ने फरार आरोपी सुभाष पटेल और विनय सिंह की तलाश तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।
एसएसपी बोले- अवैध कारोबारियों पर होगी कड़ी कार्रवाई
रायगढ़ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस नीति अपनाई गई है। नकली शराब तैयार कर लोगों की जान जोखिम में डालने वाले गिरोहों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और पूरे नेटवर्क को चिन्हित कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।



