दुर्ग। जिले के पद्मनाभपुर क्षेत्र में गरबा कार्यक्रम के दौरान बजरंग दल के कार्यकर्ताओं और आयोजन समिति के पदाधिकारियों के बीच विवाद हो गया। देखते ही देखते मामला धक्का-मुक्की और हाथापाई तक पहुंच गया। इस दौरान कांग्रेस के दुर्ग शहर जिला अध्यक्ष धीरज बाकलीवाल को भी धक्का दिए जाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। मामले में पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, दुर्ग नव निर्माण समिति की ओर से पद्मनाभपुर में गरबा कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। NSUI जिला उपाध्यक्ष आदिल खान ने AI की मदद से तैयार कार्यक्रम का पोस्टर सोशल मीडिया पर शेयर किया था। पोस्टर में धीरज बाकलीवाल के माध्यम से गरबा आयोजन और फ्री पास की जानकारी दी गई थी। इसी पोस्ट को लेकर बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ताओं ने आपत्ति जताई थी।
बुधवार रात बजरंग दल के कुछ कार्यकर्ता कार्यक्रम स्थल पहुंचे और मंच पर चढ़ गए। इस दौरान संगठन के एक पदाधिकारी ने गरबा कार्यक्रम में मुस्लिमों की एंट्री को लेकर बात रखी। धीरज बाकलीवाल ने विवाद नहीं करने और मामला शांत रखने की बात कही। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच बहस बढ़ गई और धक्का-मुक्की शुरू हो गई।
वायरल वीडियो में मंच से नीचे एक युवक धीरज बाकलीवाल को धक्का देता नजर आ रहा है। इसके बाद मौके पर मौजूद लोगों के बीच हाथापाई होने लगी। घटना के बाद आयोजन समिति के अध्यक्ष की शिकायत पर पद्मनाभपुर पुलिस ने BNS की धारा 115(2), 191(2) और 296 के तहत मामला दर्ज किया है।
पुलिस ने शुरू की जांच
ASP ग्रामीण मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि गरबा कार्यक्रम के दौरान कुछ लोगों के बीच विवाद हुआ था। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ अपराध दर्ज किया है। कार्यक्रम में कुछ संगठनों के लोग पहुंचे थे, जहां विवाद की स्थिति बनी। पुलिस वीडियो और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।




