बालोद। बालोद जिले के डौण्डी थाना क्षेत्र में एक हृदयविदारक घटना सामने आई है। गोटूलमुण्डा के पास दल्ली राजहरा-भानुप्रतापपुर रेलवे ट्रैक पर एक प्रेमी जोड़े के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।
यह भी पढ़े :- अरुण साव का कांग्रेस पर तीखा हमला, बोले– पार्टी का भविष्य अंधकारमय
मृतकों की पहचान 16 वर्षीय नाबालिग युवती लिलिसा उइके (ग्राम साल्हे) और 20 वर्षीय युवक जितेश्वर (ग्राम कुम्हालोरी) के रूप में हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दोनों के बीच प्रेम संबंध था। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।
परिजनों के मुताबिक, दोनों एक दिन पहले घर से निकले थे और इसके बाद से उनका कोई पता नहीं चल रहा था। अगले दिन रेलवे ट्रैक पर उनके शव मिलने की सूचना मिलते ही परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई।
घटनास्थल के पास से एक मोटरसाइकिल भी बरामद हुई है, जिससे अंदेशा है कि दोनों उसी से वहां पहुंचे थे। सूचना मिलने पर डौण्डी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा आसपास के क्षेत्र से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे के कारणों—चाहे वह पारिवारिक हो या सामाजिक—की गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद दोनों परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं ग्रामीणों में भी शोक और चिंता का माहौल है।



