रायपुर। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर छत्तीसगढ़ में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। कांग्रेस के हालिया बयानों पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए पार्टी पर कई आरोप लगाए हैं।
यह भी पढ़े :- देर रात फ्लैट में भीषण आग: चौथे माले पर मचा हड़कंप, लाखों का सामान जलकर खाक
अरुण साव ने कहा कि कांग्रेस के पास न तो मजबूत नेतृत्व है और न ही स्पष्ट नीयत, जिसके कारण उसका भविष्य अंधकारमय है। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस “अर्बन नक्सल” की तरह देश में भ्रम और अफवाह फैलाने का काम कर रही है और जनता उससे दूरी बना चुकी है।
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के प्रस्तावित दौरे को लेकर उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में नक्सलवाद के खिलाफ निर्णायक लड़ाई लड़ी गई है और बस्तर में अब विकास की गति तेज हुई है।
कांग्रेस द्वारा अमित शाह के दौरे को लेकर उठाए गए सवालों पर पलटवार करते हुए साव ने इसे पूरी तरह “अफवाह” बताया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस बस्तर की वास्तविक समस्याओं से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
सुशासन तिहार और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर कांग्रेस की आलोचना को लेकर उन्होंने कहा कि जनता कांग्रेस को पहले ही नकार चुकी है। साथ ही उन्होंने दावा किया कि बस्तर में लाखों आदिवासी युवाओं की भागीदारी विकास की नई तस्वीर दिखाती है।
फूलबासन यादव के कथित अपहरण प्रयास के मामले पर उन्होंने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से देख रहा है और जांच के बाद सच्चाई सामने आएगी।
अंत में साव ने कहा कि कांग्रेस ने पहले प्रदेश को गलत दिशा में ले जाने का काम किया था, जबकि वर्तमान सरकार विकास और सुशासन पर काम कर रही है।



