बिलासपुर। शहर में नकली सिगरेट के बड़े नेटवर्क का खुलासा हुआ है। व्यापार विहार के मालधक्का इलाके में डुप्लीकेट ‘गोल्ड फ्लैक’ ब्रांड की सिगरेट की सप्लाई की जा रही थी, जिसे आईटीसी कंपनी की टीम ने योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए पकड़ लिया।
यह भी पढ़े :- नाबालिग से दुष्कर्म पर विशेष न्यायालय का बड़ा फैसला! आरोपी को 20 साल कारावास और 5 लाख जुर्माना
मिली जानकारी के मुताबिक, कंपनी को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बिलासपुर के बाजार में नकली सिगरेट बेची जा रही है। इसी आधार पर दिल्ली से आई टीम ने शहर में पहुंचकर अलग-अलग पान ठेलों और दुकानों से सिगरेट के सैंपल खरीदे। जांच में सामने आया कि बाजार में बिक रही सिगरेट असली नहीं है।
इसके बाद टीम ने सप्लाई चेन तक पहुंचने के लिए खुद को ग्राहक बताकर संपर्क किया। संपर्क के दौरान उन्हें महाराणा प्रताप चौक के पास निगम कॉलोनी बुलाया गया, जहां से थोक में सिगरेट सप्लाई की जा रही थी।
मौके पर पहुंचकर टीम ने रोशन चंदानी की फर्म में रखे स्टॉक की जांच की और उसे ओरिजिनल उत्पाद से मिलाया। जांच में पूरा माल नकली पाया गया। कार्रवाई के दौरान करीब 5 लाख रुपए कीमत की चार कार्टून सिगरेट जब्त की गई।
बताया जा रहा है कि आरोपी कारोबारी शहर के कई छोटे-बड़े दुकानदारों को यह नकली सिगरेट थोक में सप्लाई कर रहा था और इस अवैध कारोबार से रोजाना 2 लाख रुपए से अधिक की कमाई की जा रही थी।
कार्रवाई के बाद टीम सिविल लाइन थाने पहुंची और पुलिस को पूरे मामले की जानकारी देते हुए जब्त माल सुपुर्द किया गया।
विशेषज्ञों के अनुसार असली और नकली सिगरेट में फर्क पैकेजिंग की प्रिंटिंग, होलोग्राम, यूनिक कोड, सिगरेट की बनावट और स्वाद के आधार पर आसानी से किया जा सकता है।
पुलिस अब इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुट गई है और पूरे सप्लाई चेन की जांच की जा रही है।



