सरगुजा। लखनपुर थाना क्षेत्र के रजपुरी कला गांव में एक राजमिस्त्री की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से सनसनी फैल गई। 40 वर्षीय व्यक्ति का शव मंगलवार सुबह उसके घर के आंगन में खून से लथपथ हालत में मिला। कमरे के भीतर भी खून के निशान और सामान बिखरा हुआ पाया गया है। परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है।
घर में अकेले रहता था मृतक
मृतक की पहचान अंगत चौधरी (40), पिता घूर साय, निवासी टिकरापारा, रजपुरी कला के रूप में हुई है। वह पेशे से राजमिस्त्री था और बताया जा रहा है कि घर में अकेले रहता था।
जानकारी के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 8 बजे परिजनों को अंगत का शव उसके घर के आंगन में पड़ा मिला। शव पर चोट के निशान और खून लगा हुआ था। घर के कमरे में भी खून के छींटे और सामान अस्त-व्यस्त मिला, जिसके बाद घटना को लेकर संदेह गहरा गया।
परिजनों ने जताई हत्या की आशंका
शव की स्थिति और घर के अंदर मिले हालात को देखते हुए परिजनों ने हत्या की आशंका जताई है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण को लेकर कोई अंतिम निष्कर्ष नहीं दिया है। मामला हत्या है या किसी अन्य परिस्थिति में मौत हुई, यह जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।
फॉरेंसिक और डॉग स्क्वायड ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना मिलते ही लखनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची। इसके साथ ही फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को भी बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने का प्रयास किया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ करने के साथ ही घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच के बाद ही अंगत चौधरी की मौत की वास्तविक वजह सामने आ सकेगी। मामले को लेकर गांव में भी तरह-तरह की चर्चाएं हैं और पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।




