रायपुर। राजधानी रायपुर के मेकाहारा अस्पताल से हत्या के प्रयास का सजायाफ्ता कैदी साहेब कुमार ताती जेल प्रहरियों को चकमा देकर फरार हो गया। आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, इसी दौरान उसने मौका देखकर हथकड़ी समेत भागने में सफलता पाई।
यह भी पढ़े :- अतिक्रमण हटाने पर बवाल: पथराव के बीच 37 मकान ढहाए, मेडिकल कॉलेज के लिए खाली कराई जमीन
जानकारी के अनुसार, साहेब कुमार ताती मूलतः बिहार का निवासी है और तीन वर्ष पहले गोबरानवापारा थाना क्षेत्र में हत्या के प्रयास के मामले में रायपुर सेंट्रल जेल में बंद था। उसे मेकाहारा अस्पताल लाया गया था ताकि उसका इलाज किया जा सके। इसी दौरान कैदी ने जेल कर्मचारियों की निगरानी को छलते हुए फरार होने का मौका उठाया।
मौदहापारा थाना प्रभारी मुकेश शर्मा ने बताया कि फरार कैदी की तलाश जारी है। उन्होंने कहा कि यह पहली घटना नहीं है जब केंद्रीय जेल का सजायाफ्ता या विचाराधीन कैदी फरार हुआ है; पहले भी कर्मचारियों की चूक से कई कैदी जेल से भाग चुके हैं।
पुलिस टीम शहर और आसपास के इलाकों में आरोपी की तलाश में जुटी हुई है और नागरिकों से सतर्क रहने की अपील की गई है।



