रायपुर। सरस्वती नगर थाना क्षेत्र से रॉयल एनफील्ड बुलेट चोरी के मामले में एण्टी क्राइम एंड साइबर यूनिट तथा थाना सरस्वती नगर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने वाहन चोरी की वारदात में शामिल विधि के साथ संघर्षरत एक नाबालिग बालक को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई बुलेट बाइक बरामद की है।
प्रार्थी अश्वनी जैन, निवासी शांति विहार कॉलोनी, महोबा बाजार ने थाना सरस्वती नगर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि दिनांक 21 दिसंबर 2025 की रात उन्होंने अपनी रॉयल एनफील्ड बुलेट (क्रमांक CG 04 NM 1889) घर के सामने खड़ी की थी, जो सुबह चोरी हो गई। रिपोर्ट पर थाना सरस्वती नगर में अपराध क्रमांक 288/25, धारा 303(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में गठित संयुक्त टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले, मुखबिर तंत्र सक्रिय किया और पुराने वाहन चोरों की जानकारी जुटाई। इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि वारदात में शामिल एक नाबालिग बालक पहले भी वाहन चोरी के मामलों में निरुद्ध रह चुका है।
पुलिस द्वारा बालक को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ करने पर उसने चोरी की घटना स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर करीब 1 लाख 20 हजार रुपये मूल्य की चोरी की गई रॉयल एनफील्ड बुलेट बरामद कर ली गई।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार नाबालिग बालक थाना मौदहापारा और गुढ़ियारी क्षेत्र से आधा दर्जन से अधिक वाहन चोरी के मामलों में पूर्व में भी निरुद्ध रह चुका है।
गिरफ्तार: विधि के साथ संघर्षरत 01 नाबालिग बालक



