जांजगीर-चांपा। जिले के बिर्रा थाना क्षेत्र अंतर्गत करही गांव में देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई, जहां कांग्रेस नेता के बेटे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। तीन नकाबपोश बदमाशों ने घर में घुसकर अंधाधुंध फायरिंग की और घटना को अंजाम देकर फरार हो गए।
यह भी पढ़े :- पखांजूर में बुलडोजर कार्रवाई के खिलाफ बंद: बंग समाज का प्रदर्शन, बाजार पूरी तरह बंद
मिली जानकारी के अनुसार, सीमेंट-रेत व्यवसायी एवं पूर्व ब्लॉक कांग्रेस उपाध्यक्ष सम्मेलाल कश्यप के घर पर तड़के करीब 3:30 बजे बाइक सवार बदमाश पहुंचे। घर में घुसते ही उन्होंने परिवार के सदस्यों को निशाना बनाते हुए फायरिंग शुरू कर दी। इस हमले में उनके बड़े बेटे आयुष कश्यप (19) को सिर और सीने में गोली लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, छोटे बेटे को भी गोली लगी है, जिसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। एएसपी उमेश कुमार कश्यप के मुताबिक, बाइक सवार तीन बदमाशों ने वारदात को अंजाम दिया है। आरोपियों की तलाश के लिए इलाके में नाकेबंदी कर दी गई है।
मौके पर प्रभारी एसपी निवेदिता पाल, एडिशनल एसपी उमेश कश्यप सहित साइबर और फोरेंसिक टीम भी पहुंची। पुलिस घर में लगे सीसीटीवी फुटेज के साथ-साथ आसपास के कैमरों की जांच कर रही है। इसके अलावा कॉल डिटेल के जरिए भी आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। स्थानीय जनप्रतिनिधि भी मौके पर पहुंचकर परिजनों से मुलाकात की। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास तेज कर दिए हैं।



