सक्ती। छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले में स्थित ग्राम सिंघीतराई के वेदांता पावर प्लांट में बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। डभरा थाना क्षेत्र में हुए इस हादसे में बॉयलर फटने से 3 मजदूरों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो दर्जन से ज्यादा मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
यह भी पढ़े :- सम्राट चौधरी होंगे बिहार के नए मुख्यमंत्री, बीजेपी विधायक दल के नेता चुने गए
हादसे के बाद प्लांट परिसर में अफरा-तफरी मच गई। घायल मजदूरों को तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। कई घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिससे मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके के लिए रवाना हो गए। राहत और बचाव कार्य तेजी से जारी है और प्लांट परिसर को सुरक्षा के लिहाज से घेर लिया गया है।
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन प्रारंभिक तौर पर बॉयलर में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।



