रायपुर। राजधानी रायपुर के व्यस्ततम इलाकों में शामिल शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक प्रस्तावित फ्लाईओवर परियोजना पर नया मोड़ आ गया है। रायपुर के सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने इस परियोजना पर पुनर्विचार की मांग करते हुए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखा है।
यह भी पढ़े :- ‘अब बदलेगा बंगाल’- CM साय का दावा, BJP को मिल रहा जबरदस्त समर्थन
सांसद अग्रवाल ने अपने पत्र में स्पष्ट कहा है कि उक्त क्षेत्र पहले से ही अत्यधिक भीड़भाड़ वाला है, जहां बड़ी संख्या में दुकानें, आवासीय मकान और लगातार भारी यातायात का दबाव रहता है। ऐसे में यहां फ्लाईओवर का निर्माण न केवल तकनीकी रूप से चुनौतीपूर्ण होगा, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए असुविधा भी बढ़ा सकता है।

उन्होंने सुझाव दिया है कि फ्लाईओवर के बजाय इस मार्ग का चौड़ीकरण अधिक व्यावहारिक और प्रभावी समाधान हो सकता है। सांसद ने यह भी उल्लेख किया कि पूर्व में सरकार स्वयं इस सड़क के चौड़ीकरण के पक्ष में थी, लेकिन अब अचानक फ्लाईओवर की योजना सामने आने से स्थानीय लोगों में असंतोष देखा जा रहा है।
गौरतलब है कि शारदा चौक से तात्यापारा चौक तक का लगभग 600-700 मीटर का हिस्सा शहर में ट्रैफिक जाम की प्रमुख वजह माना जाता है। सांसद के अनुसार, यदि इसी हिस्से का चौड़ीकरण कर दिया जाए, तो यातायात व्यवस्था में काफी सुधार संभव है।
अब देखना होगा कि राज्य सरकार इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है—फ्लाईओवर परियोजना को आगे बढ़ाया जाएगा या फिर सांसद के सुझाव के अनुसार योजना में बदलाव किया जाएगा।



