रायगढ़। जिले के बानीपाथर स्थित मंगल कार्बन प्लांट में गुरुवार को हुए भीषण ब्लास्ट मामले में पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए प्लांट के दो जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है। इस हादसे में एक मासूम समेत कुल 8 मजदूर गंभीर रूप से झुलस गए हैं, जिनका इलाज रायगढ़ के एक निजी अस्पताल में जारी है।
आशा बाई खड़िया की शिकायत के अनुसार मजदूरों से बिना पर्याप्त सुरक्षा उपकरण दिए और फर्नेस को ठंडा किए बिना उसका ढक्कन खुलवाया गया। ढक्कन खुलते ही अत्यधिक दबाव के कारण आग की लपटें बाहर निकल आईं, जिससे वहां काम कर रहे मजदूर झुलस गए।
खरसिया पुलिस ने मुख्य प्रबंधक रूपेश शर्मा और प्रबंधक दादु महाराज उर्फ प्रेमसागर त्रिपाठी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 125(a), 125(b), 287, 288, 289 और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हादसे में शिव खड़िया और मासूम इंदीवर की हालत सबसे गंभीर बताई जा रही है। शिकायतकर्ता के अनुसार, मजदूर पिछले करीब चार महीनों से प्लांट में टायर गलाकर काला तेल निकालने का काम कर रहे थे। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।



