रायपुर। राजधानी रायपुर में कांग्रेस ने सोमवार को नई जमीन गाइडलाइन दरों के विरोध में जोरदार धरना प्रदर्शन किया। राजीव गांधी चौक पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता हाथों में तख्तियां लेकर सरकार के कदमों के खिलाफ आवाज बुलंद करते नजर आए।
यह भी पढ़े :- दुर्ग में दिल दहला देने वाली वारदात: नहर किनारे जली हुई युवती की लाश मिलने से इलाके में सनसनी
पूर्व विधायक विकास उपाध्याय ने कहा कि गाइडलाइन दरों में बढ़ोतरी ने आम जनता और व्यापारियों की जेब पर सीधा असर डाला है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने सिर्फ कुछ बिंदुओं पर दरें वापस लीं, जबकि पूरे गाइडलाइन में समीक्षा और संशोधन की जरूरत थी। उपाध्याय ने सवाल उठाया, “लोगों की शिकायत और सुझाव लेने की प्रक्रिया पहले क्यों नहीं अपनाई गई, जब दरें अचानक जारी की गईं?”
कांग्रेस नेता पंकज शर्मा ने कहा कि सरकार बार-बार बिना योजना और तैयारी के अचानक फैसले लेती है। उन्होंने बिजली बिलों का उदाहरण देते हुए कहा, पहले बिना सूचना बढ़ोतरी की गई, विरोध के बाद केवल 200 यूनिट माफ किए गए। यही अब जमीन गाइडलाइन पर भी दोहराया जा रहा है।
कांग्रेस नेताओं ने साफ कहा कि जब तक गाइडलाइन दरें पहले की तरह तय नहीं होंगी, उनका विरोध जारी रहेगा। उनका कहना है कि भाजपा सरकार बिना सोच-विचार फैसले लेती है और विरोध के बाद ही यू-टर्न लेती है।



