रायपुर। दिल्ली में लाल किले के पास कार में हुए धमाके में 9 लोगों की मौत के बाद पूरे देश में सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। इस घटना के बाद छत्तीसगढ़ में भी हाई अलर्ट जारी किया गया है। राजधानी रायपुर समेत सभी जिलों में रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मॉल, होटल और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सघन जांच की जा रही है।
यह भी पढ़े :- महासमुंद: 60 किलो गांजे की खेप के साथ दो अंतरराज्यीय तस्कर गिरफ्तार, ट्रक सहित 22 लाख की संपत्ति जब्त
रायपुर पुलिस ने शहर के मुख्य मार्गों, पर्यटन स्थलों, धार्मिक स्थलों और एयरपोर्ट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया है। एसएसपी लखन पटले ने बताया कि सभी एजेंसियों को अपने-अपने क्षेत्रों में निगरानी बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर तुरंत कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारी स्वयं मॉनिटरिंग कर रहे हैं। सभी डीसीपी, एसपी और रेंज आईजीपी को निर्देशित किया गया है कि वे भीड़भाड़ वाले स्थानों पर अत्यधिक सतर्कता बनाए रखें। पुलिस बल को सड़कों पर अधिक संख्या में तैनात किया गया है। साथ ही, कमांड सेंटर से सीसीटीवी कैमरों की निगरानी भी बढ़ा दी गई है।
सोशल मीडिया मॉनिटरिंग टीमें सक्रिय कर दी गई हैं ताकि किसी भी प्रकार की अफवाह या भ्रामक जानकारी को तुरंत रोका जा सके।
मुख्यमंत्री और पूर्व मुख्यमंत्री ने जताया दुख
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने घटना पर गहरा दुख जताते हुए ‘एक्स’ पर लिखा दिल्ली में हुआ धमाका अत्यंत हृदयविदारक है। जिन लोगों ने अपने प्रियजनों को खोया है, उनके प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करता हूं। केंद्र सरकार और सुरक्षा एजेंसियां स्थिति की समीक्षा कर रही हैं और प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता दी जा रही है।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने कहा कि यह घटना दुखद और चिंताजनक है। उन्होंने कहा कि “इस कठिन समय में सरकार से सवाल पूछे जाएंगे और जवाब देना होगा जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।
राज्यभर में बढ़ाई गई सतर्कता
- रायपुर: पुलिस ने सभी भीड़भाड़ वाले इलाकों में चेकिंग अभियान चलाया।
- दुर्ग-भिलाई: देर रात तक सघन जांच अभियान, सीमाओं पर नाकेबंदी और वाहनों की तलाशी।
- बिलासपुर: रेलवे स्टेशन, एयरपोर्ट, हाईकोर्ट और होटलों में पैदल गश्त और सर्च ऑपरेशन।
- जगदलपुर: बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड और रेलवे स्टेशन में सुरक्षा जांच बढ़ाई गई।
पुलिस का कहना है कि सुरक्षा व्यवस्था को लेकर यह सघन अभियान फिलहाल जारी रहेगा, ताकि किसी भी संभावित खतरे को पहले ही टाला जा सके।




