रायपुर। दिल्ली में हुए बम धमाके को लेकर छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के एक्स पोस्ट पर भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने जोरदार हमला बोला है। चंद्राकर ने कांग्रेस पर आतंकी घटनाओं में समझौतावादी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि मनमोहन सिंह सरकार के समय 26/11 हमले पर पाकिस्तान के खिलाफ कार्रवाई नहीं हुई, क्योंकि दबाव था। वहीं, पुलवामा अटैक के बाद भाजपा सरकार ने तुरंत जवाबी कार्रवाई की, जो जीरो टॉलरेंस की नीति का प्रतीक है।
यह भी पढ़े :- दिल्ली में धमाके के बाद छत्तीसगढ़ में हाई अलर्ट, भीड़भाड़ वाले इलाकों में सख्त निगरानी
दिल्ली ब्लास्ट पर चंद्राकर की प्रतिक्रिया
चंद्राकर ने कहा, “यह देश-विरोधी संगठनों की करतूत है। इस पर राजनीति नहीं होनी चाहिए। सुरक्षा एजेंसियां जांच कर रही हैं और कुछ तथ्य सामने आ चुके हैं। इसकी जितनी निंदा हो, उतनी कम है।”
कांग्रेस पर तीखे तंज
कांग्रेस संगठन को निशाने पर लेते हुए चंद्राकर बोले, “कांग्रेस संगठन के बल पर नहीं, मुंह के बल पर चुनाव लड़ेगी। कहीं हाथ चल रहे हैं, कहीं डकैती की साजिश। संगठन की बात कांग्रेस को शोभा नहीं देती।” कांग्रेस के टैलेंट हंट पर व्यंग्य करते हुए कहा, “वहां योग्यता की जरूरत नहीं, बस राजपरिवार के प्रति निष्ठा चाहिए। शशि थरूर, मनीष तिवारी जैसे टैलेंट का क्या उपयोग हो रहा है?” अनुशासनहीनता समिति पर चुटकी: “कांग्रेस में अनुशासन ही नहीं, तो समिति क्या करेगी? नेता आपस में गोलीबारी कर रहे हैं।”
बलरामपुर कस्टोडियल डेथ पर स्टैंड
चंद्राकर ने बलरामपुर मामले में कहा, “पुलिस के अनुसार मृतक सिकल सेल पीड़ित था। जांच होगी, तथ्य सामने आएंगे। अगर कस्टोडियल डेथ साबित हुई तो सख्त कार्रवाई होगी।”
भूपेश बघेल का मूल पोस्ट
पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने एक्स पर लिखा था, “देश की राजधानी में इतना बड़ा धमाका हो और हम चुप रहें? जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। पुलवामा में 300 किलो RDX कहां से आया, इसका जवाब आज तक नहीं मिला। सरकार से सवाल पूछे जाएंगे।” उन्होंने मृतकों को श्रद्धांजलि देते हुए घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना भी की।



