रायपुर : महासमुंद जिले में एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स (ANTF) और बसना थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई को अंजाम देते हुए ओडिशा से उत्तर प्रदेश जा रही अवैध गांजे की खेप पकड़ी है। पुलिस ने 60 किलोग्राम गांजा बरामद करने के साथ-साथ दो तस्करों को भी धर दबोचा। जब्त गांजे की बाजार कीमत करीब 12 लाख रुपये बताई जा रही है, जबकि आयशर ट्रक और दो मोबाइल फोन समेत कुल जब्ती का मूल्य लगभग 22.10 लाख रुपये आंका गया है।
मामला बसना थाना क्षेत्र का है। पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में गांजा लदा एक आयशर ट्रक पदमपुर रोड होते हुए महासमुंद के रास्ते उत्तर प्रदेश की ओर जा रहा है। इस सूचना पर पुलिस ने जिले की सीमाओं पर सघन नाकाबंदी कर दी। पलसापाली बैरियर पर ओडिशा रजिस्ट्रेशन नंबर (UP 72 BT 3907) वाला संदिग्ध ट्रक दिखाई दिया। टीम ने घेराबंदी कर वाहन को रोका और तलाशी ली।
तलाशी के दौरान ट्रक की तिरपाल के नीचे तीन बोरे में छिपाकर रखे गए 60 किलो गांजे का जखीरा बरामद हुआ। वाहन में सवार दोनों व्यक्तियों ने अपनी पहचान सद्दाम हुसैन (उम्र 34) और कियामुद्दीन (उम्र 26), दोनों प्रतापगढ़ (उत्तर प्रदेश) के निवासी बताई। पूछताछ में आरोपियों ने कबूल किया कि वे ओडिशा से गांजा खरीदकर उत्तर प्रदेश में ऊंचे दाम पर बेचने की फिराक में थे।
पुलिस ने दोनों को एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख) के तहत गिरफ्तार कर लिया और न्यायिक हिरासत में भेज दिया। ANTF और बसना पुलिस की यह संयुक्त कार्रवाई मादक पदार्थों की अंतरराज्यीय तस्करी पर लगाम कसने में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।




