बस्तर। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री के खिलाफ पुलिस का अभियान लगातार जारी है। इसी कड़ी में करपावंड थाना पुलिस ने ग्राम छतौड़ी में कार्रवाई करते हुए करीब 42 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। जब्त गांजे की अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मामले में एक 25 वर्षीय युवक को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 31 अगस्त की सुबह मुखबिर से सूचना मिली थी कि ग्राम छतौड़ी निवासी लालू प्रसाद बघेल अपने घर में गांजा छिपाकर रखा है और उसे बिक्री के लिए खपाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशन में करपावंड थाना पुलिस की टीम ने गांव पहुंचकर संदिग्ध के घर की तलाशी ली।
जमीन में गड्ढा खोदकर छिपाया था गांजा
तलाशी के दौरान पुलिस को घर के आंगन की बाड़ी में जमीन के अंदर एक प्लास्टिक ड्रम छिपा हुआ मिला। बताया जा रहा है कि आरोपी ने ड्रम को गड्ढा खोदकर जमीन के भीतर दबा रखा था। पुलिस ने उसे बाहर निकालकर जांच की तो उसमें गांजा बरामद हुआ।
इसके अलावा घर के अंदर रखी एक सफेद बोरी की तलाशी लेने पर उसमें भी गांजा मिला। पुलिस ने गवाहों की मौजूदगी में दोनों स्थानों से बरामद गांजे का वजन कराया, जो कुल करीब 42 किलोग्राम पाया गया।
पुलिस ने गांजे के अलावा आरोपी के कब्जे से एक पुराना टच स्क्रीन मोबाइल फोन और 1,200 रुपये नकद भी जब्त किए हैं। जब्त मादक पदार्थ की कुल अनुमानित कीमत करीब 21 लाख रुपये बताई गई है।
दस्तावेज नहीं दिखा सका आरोपी
गिरफ्तार आरोपी की पहचान लालू प्रसाद बघेल (25), पिता नरहरि बघेल, निवासी ग्राम छतौड़ी, थाना करपावंड, जिला बस्तर के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी गांजा रखने और उसकी बिक्री से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका।
इसके बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(ख)(ii)(e) के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू की। आरोपी को विधिवत गिरफ्तार करने के बाद न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।
पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि आरोपी गांजा कहां से लेकर आया था और इसे किन लोगों तक पहुंचाने या बेचने की तैयारी थी। मादक पदार्थों की अवैध खरीद-फरोख्त से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।




