दुर्ग। भिलाई में अवैध जुए के खिलाफ दुर्ग पुलिस और एसीसीयू की टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। छावनी थाना क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 34 कैंप स्थित एक मकान में दबिश देकर पुलिस ने 12 जुआरियों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया। मौके से 3 लाख 16 हजार रुपये नकद, करीब 2 लाख रुपये कीमत के 12 मोबाइल फोन और ताश की पत्तियां बरामद की गई हैं।
पुलिस को सूचना मिली थी कि वार्ड क्रमांक 34 कैंप के एक मकान में लंबे समय से अवैध रूप से जुए का फड़ संचालित किया जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए छावनी थाना पुलिस और एसीसीयू की संयुक्त टीम ने मौके की घेराबंदी कर मकान में दबिश दी।
जुआ खेलते मिले 12 लोग
पुलिस टीम जैसे ही मकान के अंदर पहुंची, वहां 12 लोग जुआ खेलते हुए मिले। पुलिस ने सभी को मौके से हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान जुआरियों के पास से बड़ी मात्रा में नकदी और मोबाइल फोन बरामद हुए।
पुलिस ने मौके से 3 लाख 16 हजार रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और जुए में इस्तेमाल की जा रही ताश की पत्तियां जब्त की हैं। जब्त मोबाइल फोन की कीमत करीब 2 लाख रुपये बताई गई है।
इन आरोपियों की हुई गिरफ्तारी
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र कुमार सोनकर, कलीम खान, जी शिवा शंकर राव, आशीष ताम्रकार, श्रीधर्मांझी, प्रेम प्रेमचंद, ऐन धन राजू, भगवत प्रसाद, सपन चंद्र डे, राजेंद्र कुमार कौशिक, दिनेश साओ और बलजिन्दर सिंह के रूप में हुई है।
सभी आरोपियों के खिलाफ छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत छावनी थाना में अपराध दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
अवैध जुए के खिलाफ कार्रवाई जारी
पुलिस का कहना है कि जिले में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
एक मकान के भीतर बड़ी संख्या में लोगों के जुआ खेलने और लाखों रुपये की नकदी मिलने के बाद इलाके में अवैध जुआ गतिविधियों को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि मकान में जुए का फड़ कब से संचालित हो रहा था और इसके संचालन से जुड़े अन्य लोगों की कोई भूमिका थी या नहीं।
फिलहाल सभी 12 आरोपी पुलिस की गिरफ्त में हैं और मामले में आगे की जांच एवं कानूनी कार्रवाई जारी है।




