मुंबई। बॉलीवुड अभिनेत्री कृति सेनन इन दिनों अपने एक रक्षाबंधन स्पेशल विज्ञापन को लेकर चर्चा में हैं। ज्वेलरी ब्रांड GIVA के इस विज्ञापन में कृति सेनन के पहनावे और एक कुत्ते को राखी बांधने के दृश्य को लेकर सोशल मीडिया पर विवाद खड़ा हो गया था। विवाद बढ़ने के बाद अब कंपनी ने विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म से वापस लेने का फैसला किया है।
यह भी पढ़े :- तेज रफ्तार ट्रक ने महिला को कुचला, मौके पर मौत; चालक गिरफ्तार
सोशल मीडिया पर कुछ यूजर्स ने विज्ञापन में कृति के ब्रालेट-स्टाइल ब्लाउज और केप वाले पहनावे पर आपत्ति जताई। वहीं, विज्ञापन में कुत्ते को राखी बांधने के दृश्य को लेकर भी सवाल उठाए गए। आलोचकों का कहना था कि रक्षाबंधन जैसे पारंपरिक त्योहार से जुड़े विज्ञापन में भारतीय परंपराओं और त्योहार की गरिमा का ध्यान रखा जाना चाहिए।
GIVA ने जारी किया बयान
विवाद के बाद GIVA ने अपने आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट पर बयान जारी कर विज्ञापन वापस लेने की जानकारी दी। कंपनी ने कहा कि वह भारतीय संस्कृति, परंपराओं और त्योहारों का सम्मान करती है। कंपनी के मुताबिक, विज्ञापन के जरिए त्योहार की खुशी को पालतू जानवरों तक भी पहुंचाने की कोशिश की गई थी।

कंपनी ने कहा कि यदि विज्ञापन से समाज के किसी वर्ग की भावनाओं को अनजाने में ठेस पहुंची है, तो इसका उसका कोई इरादा नहीं था। सम्मान व्यक्त करते हुए कंपनी ने विज्ञापन को सभी प्लेटफॉर्म से हटा लिया है।
कृति सेनन ने ट्रोलर्स को दिया था जवाब
विवाद के बीच कृति सेनन ने भी सोशल मीडिया के जरिए आलोचकों को जवाब दिया था। अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी में उन्होंने कहा था कि महिलाओं को यह बताना बंद किया जाना चाहिए कि उन्हें क्या पहनना चाहिए। उन्होंने तर्क दिया कि संस्कृति और परंपराएं व्यक्ति के दिल में होती हैं, कपड़ों की नेकलाइन में नहीं।
कुत्ते को राखी बांधने के दृश्य का बचाव करते हुए कृति ने कहा था कि रक्षाबंधन सुरक्षा के वादे और प्रार्थना का त्योहार है और उनके लिए यह भावना पालतू जानवरों तक भी जाती है, क्योंकि वे परिवार का हिस्सा होते हैं।
कंगना रनौत ने भी उठाए थे सवाल
इस विज्ञापन को लेकर अभिनेत्री और भाजपा सांसद कंगना रनौत ने भी सोशल मीडिया पर सवाल उठाए थे। उन्होंने विज्ञापन पर टिप्पणी करते हुए इसे ‘जानबूझकर अजीब’ बताया था। कंगना ने कहा था कि आधुनिकता के नाम पर भारतीय त्योहारों की गरिमा और सादगी को कम नहीं किया जाना चाहिए।
विवाद के बाद अब GIVA द्वारा विज्ञापन वापस लिए जाने से यह मामला एक बार फिर चर्चा में आ गया है।




