बलौदाबाजार। शहर के पिपरहा तालाब में शुक्रवार को उस वक्त हड़कंप मच गया, जब नहाने पहुंचे लोगों ने पानी में एक युवक का शव तैरता देखा। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया।
यह भी पढ़े :- बोतल में ‘लाल पानी’ लेकर कलेक्टोरेट पहुंचे ग्रामीण, बोले- खनन से बर्बाद हो रहे खेत
मृतक की पहचान 40 वर्षीय आनंद यादव, निवासी सांवत यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि आनंद पिपरहा तालाब के पास ही रहता था और अंबेडकर चौक स्थित एक होटल में काम करता था।
परिजनों के मुताबिक, आनंद पिछले तीन दिनों से लापता था। परिवार के लोग उसकी तलाश कर रहे थे, लेकिन इस संबंध में पुलिस को सूचना नहीं दी गई थी। शुक्रवार को तालाब में शव मिलने की जानकारी के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है।
पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस आत्महत्या समेत सभी संभावित पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह स्पष्ट होने की उम्मीद है।




