कोरबा। जिले में मानसून की लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के चलते मिनीमाता हसदेव बांगो जलाशय में जलभराव काफी तेजी से बढ़ रहा है। वर्षाकाल-2026 को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग और स्थानीय प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है।
यह भी पढ़े :- पेपर लीक पर एक्शन में पीएम: दोषियों को सजा दिलाने के लिए बनेंगे फास्ट ट्रैक कोर्ट
वर्तमान में बांध का जलस्तर 354.61 मीटर तक पहुंच चुका है, जो इसकी कुल क्षमता का लगभग 71.67 प्रतिशत है। विभाग के अनुसार, जलस्तर 359.66 मीटर पहुंचते ही बांध के रेडियल गेट खोलकर हसदेव नदी में पानी छोड़ दिया जाएगा।
स्थिति पर रखी जा रही निरंतर नजर
जल संसाधन विभाग के कार्यपालन अभियंता एस.के. भारती ने बताया कि ऊपरी क्षेत्रों से बांध में पानी की आवक लगातार बढ़ रही है और विभाग की टीम स्थिति पर चौबीसों घंटे निगरानी रखे हुए है। संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए हसदेव नदी के तटीय और निचले इलाकों में रहने वाले लोगों को विशेष सावधानी बरतने की अपील की गई है।
उद्योग और ग्रामीण सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करें संपत्तियां
विभाग ने नदी के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आने वाले ग्रामीणों के साथ-साथ क्षेत्र की खनिज खदानों, औद्योगिक इकाइयों, ठेकेदारों और अन्य संस्थानों को अपनी चल-अचल संपत्तियों को तत्काल सुरक्षित स्थानों पर स्थानांतरित करने के कड़े निर्देश दिए हैं। विभाग ने स्पष्ट किया है कि पानी छोड़े जाने के बाद अचानक आने वाली बाढ़ से होने वाले किसी भी नुकसान के लिए विभाग जिम्मेदार नहीं होगा।
30 से अधिक गांवों में मुनादी के निर्देश
बाढ़ के संभावित खतरे को देखते हुए प्रशासन ने संवेदनशील क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। मुख्य रूप से बांगो, चर्रा, पोड़ी उपरोड़ा, कोनकोना, लेपरा, टुनियाकछार, पाथा, गाड़ाघाट, छिनमेर, कछार, कलमीपारा, जूनापारा, तिलाईडांड, डुगुपारा, टुंगुमांड़ा, छिर्रापारा, मछलीबाटा, कोरियाघाट, धनगांव, डोंगाघाट, नरमदा, औराकछार, सोनगुड़ा, जेलगांव, झाबू, नवागांव, तिलसाभाटा, लोतलोता, स्याहीमुड़ी, कोडा, हथमार, झोरा और सिरकीकला सहित आसपास के तटवर्ती गांवों में मुनादी कराकर लोगों को सतर्क किया जा रहा है।
पावर प्लांटों को जलापूर्ति सामान्य, दर्री में सर्वाधिक बारिश
जल संसाधन विभाग ने जानकारी दी कि फिलहाल बांगो जलाशय से बिजली संयंत्रों को की जाने वाली जलापूर्ति सामान्य रूप से चल रही है।



