कोरबा। सीएसईबी चौकी क्षेत्र के अंतर्गत पंप हाउस स्थित 15 ब्लॉक में एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ घर के सामने बैठकर शराब पीने से मना करने पर एक मकान मालिक पर जानलेवा हमला कर दिया गया।
यह भी पढ़े :- CEO Recruitment : राम मंदिर ट्रस्ट में CEO की भर्ती…! 20 साल का अनुभव…’सनातनी हिंदू’ होना जरूरी…जानिए पूरी पात्रता
आरोप है कि करीब 10 से 12 युवकों ने एकजुट होकर लोहे की रॉड, ईंट और पत्थरों से पीड़ित पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया, जिससे वह लहूलुहान होकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
लहूलुहान हालत में पहुंचा पुलिस चौकी
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़ित योगेश श्रीवाश ने जब अपने घर के बाहर असामाजिक तत्वों को शराब पीने से रोका, तो युवक भड़क गए और गाली-गलौज करते हुए उन पर जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में योगेश के सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर गंभीर चोटें आई हैं। किसी तरह आरोपियों के चंगुल से जान बचाकर पीड़ित लहूलुहान हालत में ही सीएसईबी चौकी पहुंचा। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल पीड़ित को डॉक्टरी मुलाहजे और उपचार के लिए जिला अस्पताल रवाना किया।
आरोपी फरार, क्षेत्र में दहशत का माहौल
घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत के आधार पर 10-12 अज्ञात युवकों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की सरगर्मी से तलाश शुरू कर दी है। इधर, स्थानीय निवासियों का कहना है कि पंप हाउस क्षेत्र में पिछले कुछ समय से आपराधिक और असामाजिक गतिविधियों में लगातार बढ़ोतरी हुई है, जिससे स्थानीय लोगों में डर और असुरक्षा का माहौल व्याप्त है। ग्रामीणों व नागरिकों ने क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।



