बेमेतरा : छत्तीसगढ़ के बेमेतरा जिले के साजा ब्लॉक अंतर्गत थानखमरिया क्षेत्र से एक बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहाँ ग्राम गुवारा स्थित शासकीय प्राथमिक स्कूल में सोमवार को चलती कक्षा के दौरान अचानक छत का प्लास्टर भरभराकर नीचे गिर गया।
यह भी पढ़े : घर के सामने शराब पीने से मना करने पर मकान मालिक पर जानलेवा हमला, 10-12 युवकों के खिलाफ मामला दर्ज
इस हादसे में कक्षा में पढ़ रहे तीन स्कूली बच्चे घायल हो गए। गनीमत रही कि प्लास्टर का बड़ा हिस्सा बच्चों पर नहीं गिरा, जिससे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया।
मच गई अफरा-तफरी, अस्पताल में भर्ती
छत से प्लास्टर गिरते ही स्कूल परिसर में अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई। शिक्षकों ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत सभी बच्चों को सुरक्षित कमरे से बाहर निकाला। हादसे में घायल हुए तीनों छात्रों को तत्काल उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) थानखमरिया भेजा गया, जहाँ डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार, सभी बच्चे खतरे से बाहर हैं।
प्रशासनिक अमला जांच में जुटा
घटना की भनक लगते ही शिक्षा विभाग और स्थानीय प्रशासन के अधिकारी हरकत में आए। अधिकारियों ने अस्पताल पहुँचकर बच्चों का हालचाल जाना और मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी है। इसके साथ ही तकनीकी टीम द्वारा स्कूल भवन की फिटनेस और उसकी स्थिति की जांच की जा रही है।
अभिभावकों में आक्रोश, मरम्मत की मांग
इस घटना के बाद से क्षेत्र के पालकों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। ग्रामीणों का कहना है कि स्कूल भवन लंबे समय से जर्जर था, लेकिन विभाग ने समय रहते इस पर ध्यान नहीं दिया। अभिभावकों ने मांग की है कि क्षेत्र के सभी जर्जर स्कूल भवनों की नियमित जांच कराई जाए और समय रहते उनकी मरम्मत हो, ताकि भविष्य में किसी मासूम की जान जोखिम में न पड़े।



