बिलासपुर। जिले के रेलवे परिसर के पास एक नाले से अज्ञात महिला का शव मिलने से सनसनी फैल गई। अर्धनग्न अवस्था में शव मिलने की सूचना के बाद क्षेत्र में लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। फिलहाल पुलिस मौत के कारणों और महिला की पहचान का पता लगाने में जुटी है।
यह भी पढ़े :- फर्जी अंकसूची से नौकरी पड़ी भारी: GST विभाग ने दो कर्मचारियों को किया बर्खास्त, 13 साल बाद हुई कार्रवाई
यह मामला तोरवा थाना क्षेत्र का है। पुलिस के अनुसार, रेलवे परिसर के समीप तितली चौक के पास स्थित नाले में स्थानीय लोगों ने एक महिला का शव पड़ा देखा। इसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव को बाहर निकलवाया। प्रारंभिक जांच में मृतका की उम्र करीब 40 से 45 वर्ष के बीच बताई जा रही है। हालांकि, उसकी शिनाख्त अब तक नहीं हो सकी है।
महिला की पहचान के लिए पुलिस ने उसकी तस्वीर जिले के सभी थानों में भेजी है और दर्ज गुमशुदगी के मामलों से भी मिलान कराया जा रहा है। साथ ही आसपास के क्षेत्रों में भी पूछताछ की जा रही है।
पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल हत्या, दुर्घटना या अन्य किसी कारण समेत सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है।
पुलिस ने लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई मृतका की पहचान के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल नजदीकी थाना या पुलिस से संपर्क करे, ताकि मामले की जांच आगे बढ़ाई जा सके।



