रायपुर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी के 21 जून को रायपुर में प्रस्तावित दौरे से पहले प्रदेश की राजनीति गरमा गई है। कांग्रेस के जिलाध्यक्षों के प्रशिक्षण कार्यक्रम में राहुल गांधी के शामिल होने की तैयारी के बीच वन मंत्री Kedar Kashyap ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने राहुल गांधी के स्वागत को लेकर विवादास्पद टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस नेताओं को उनका स्वागत “दारू से चरण धोकर” करना चाहिए।
मीडिया से चर्चा के दौरान मंत्री केदार कश्यप ने कहा कि कांग्रेस अपने शीर्ष नेतृत्व को खुश करने के लिए नए-नए तरीके अपनाती रही है। उन्होंने कहा कि जब Priyanka Gandhi Vadra छत्तीसगढ़ आई थीं, तब कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उनके स्वागत के लिए गुलाब की पंखुड़ियों की सड़क बनाई थी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस का पांच साल का कार्यकाल कथित भ्रष्टाचार और शराब घोटाले के आरोपों से घिरा रहा है, इसलिए राहुल गांधी के स्वागत में कांग्रेसियों को उनके चरण शराब से धोने चाहिए।
मंत्री की इस टिप्पणी के बाद प्रदेश की राजनीति में बयानबाजी तेज होने की संभावना है। कांग्रेस की ओर से इस बयान पर प्रतिक्रिया आना अभी बाकी है, लेकिन राजनीतिक गलियारों में इसे लेकर चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
भाजपा नेता लल्ला सिंह हत्याकांड पर भी बोले
कोरिया जिले में भाजपा नेता भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की हत्या और रेत उत्खनन से जुड़े विवाद पर प्रतिक्रिया देते हुए केदार कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार अवैध गतिविधियों और पुराने नेटवर्क को समाप्त करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछली सरकार के दौरान जिन क्षेत्रों में ठेके दिए गए थे, वहां बड़े पैमाने पर अनियमितताएं देखने को मिली थीं।
हालांकि उन्होंने कहा कि वर्तमान सरकार किसी भी आपराधिक घटना को गंभीरता से लेती है और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई सुनिश्चित की जाती है। उनका कहना था कि किसी भी असामाजिक तत्व को संरक्षण नहीं दिया जाएगा।
बिजली दरों को लेकर कांग्रेस पर साधा निशाना
प्रदेश में बिजली दरों को लेकर कांग्रेस द्वारा किए जा रहे विरोध प्रदर्शन पर भी मंत्री ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता के मुद्दों से ज्यादा अपनी राजनीतिक जमीन तलाशने में जुटी है। केदार कश्यप ने दावा किया कि अन्य राज्यों की तुलना में छत्तीसगढ़ में बिजली दरें कम हैं और सरकार आम लोगों को राहत देने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
उन्होंने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं के माध्यम से सौर ऊर्जा को बढ़ावा दिया जा रहा है। विशेष रूप से सूर्यघर योजना का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि इस योजना से लोगों को मुफ्त बिजली का लाभ मिल रहा है और आने वाले समय में बिजली संकट की स्थिति समाप्त हो जाएगी।



