CG Politics : छत्तीसगढ़ में विधानसभा चुनाव से करीब दो साल पहले कांग्रेस और भाजपा के बीच सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने दावा किया है कि भाजपा के भीतर भगदड़ की स्थिति है और आधा दर्जन से अधिक पूर्व विधायक कांग्रेस के संपर्क में हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में कांग्रेस में बड़ा प्रवेश होने वाला है। बैज के मुताबिक, कांग्रेस छोड़कर भाजपा में गए कुछ नेता भी दोबारा उनके संपर्क में हैं।
यह भी पढ़े :- छत्तीसगढ़ में स्कूलों की छुट्टियों का शेड्यूल जारी, दशहरा-दीपावली से विंटर ब्रेक तक जानिए तारीखें
बैज ने कहा कि चुनाव से दो साल पहले ही इस्तीफों का दौर शुरू हो गया है। उनके इस बयान पर भाजपा विधायक पुरंदर मिश्रा ने पलटवार किया। उन्होंने दावा किया कि दीपक बैज स्वयं भाजपा नेताओं के संपर्क में हैं और भाजपा में शामिल होने की इच्छा जता रहे हैं। मिश्रा ने यह भी कहा कि बैज जहां से टिकट मांगेंगे, भाजपा उन्हें वहीं से टिकट देगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस में अब बैज की पूछ-परख नहीं रह गई है। (CG Politics )
राहुल गांधी की सभा को लेकर भी बयानबाजी
राहुल गांधी की सभा में कथित तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां की मिमिक्री को लेकर भाजपा के हमले पर भी दीपक बैज ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि मां सभी की मां होती है और सवाल उठाया कि क्या केवल प्रधानमंत्री मोदी की मां ही मां हैं। बैज ने भाजपा नेताओं द्वारा पूर्व में दिए गए कुछ बयानों का भी जिक्र किया।
इसी दौरान बैज ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर कहा कि सबसे बड़े कॉमेडियन खुद मोदी हैं और उन्हें फिल्मों में काम करना चाहिए। उनके इस बयान के बाद भी राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं।
एजाज ढेबर को धमकी मामले में जांच की मांग
रायपुर के पूर्व महापौर एजाज ढेबर को 50 करोड़ रुपये की फिरौती मांगने और धमकी दिए जाने के मामले को लेकर भी दीपक बैज ने सरकार से गंभीरता से जांच कराने की मांग की। मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, ढेबर को विदेशी नंबरों से धमकी भरे कॉल आए थे और पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर तकनीकी जांच शुरू की है। कॉल करने वाले ने कथित तौर पर खुद को अमन साव और बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताया था। हालांकि, कॉल करने वाले का किसी गिरोह से वास्तविक संबंध है या नहीं, यह पुलिस जांच का विषय है।
बैज ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अपराधियों का राज चल रहा है। उन्होंने सरकार से मामले की गंभीरता से जांच कर आरोपियों तक पहुंचने की मांग की। (CG Politics )




