कांकेर। जिले के आमाबेड़ा थाना क्षेत्र के बड़े तेवड़ा गांव में एक ग्रामीण के घर बड़ी संख्या में लोगों के जुटने के बाद धर्मांतरण की आशंका को लेकर तनाव की स्थिति बन गई। प्रार्थना सभा और धर्मांतरण की चर्चा फैलने के बाद ग्रामीणों ने संबंधित घर को घेर लिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एहतियात के तौर पर घटना के तीन दिन बाद भी गांव में पुलिस बल तैनात है।
यह भी पढ़े :- CGPSC राज्य सेवा परीक्षा-2025 पर हाईकोर्ट सख्त, 265 पदों पर 608 अभ्यर्थियों के इंटरव्यू का मामला
जानकारी के अनुसार, ग्रामीण के घर में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने के बाद गांव में प्रार्थना सभा आयोजित होने और धर्मांतरण किए जाने की चर्चा फैल गई। इसके बाद कई ग्रामीण एकत्र होकर घर के सामने पहुंच गए। देखते ही देखते विवाद की स्थिति बनने लगी।
मामले की सूचना मिलने पर आमाबेड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान घर मालिक और ग्रामीणों के बीच बहस की स्थिति भी बनी। हालात को देखते हुए जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।
घर मालिक ने बताया- बेटी का जन्मदिन था
घटना के दौरान अंतागढ़ एसडीएम और एडिशनल एसपी भी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने ग्रामीणों से बातचीत कर स्थिति को शांत कराया।
वहीं, संबंधित घर के मालिक ने प्रार्थना सभा या धर्मांतरण की बात से इनकार किया। उसका कहना था कि घर में उसकी बेटी का जन्मदिन मनाया जा रहा था और कार्यक्रम में शामिल होने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे थे। दूसरी ओर, ग्रामीणों ने घर में प्रार्थना सभा आयोजित होने और धर्मांतरण की आशंका जताई।
कुछ महीने पहले भी हुआ था विवाद
बताया जा रहा है कि बड़े तेवड़ा गांव में कुछ महीने पहले भी धर्मांतरण के आरोपों को लेकर विवाद हुआ था। उस दौरान भी इलाके में तनाव की स्थिति बनी थी। इसी क्रम में गांव के एक चर्च में तोड़फोड़ की घटना सामने आई थी। इसके बाद से पुलिस और प्रशासन आमाबेड़ा क्षेत्र में ऐसे मामलों को लेकर सतर्कता बरत रहे हैं।
फिलहाल अधिकारियों की समझाइश के बाद गांव में स्थिति शांत है। एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है और स्थानीय स्तर पर निगरानी रखी जा रही है। पुलिस मामले से जुड़े लोगों से जानकारी जुटा रही है। घर में वास्तव में किस तरह का आयोजन हुआ था और धर्मांतरण संबंधी आरोपों में कितनी सच्चाई है, यह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट होगा।




