रायपुर। राजधानी रायपुर में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत खमतराई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गांजा की खेप लेकर बिक्री के लिए पहुंचे दो आरोपियों को गिरफ्तार करते हुए उनके कब्जे से 2 किलो 40 ग्राम गांजा, दो वाहन और मोबाइल फोन सहित कुल 1.80 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की है।
यह भी पढ़े :- पीएम मोदी के बयान पर भूपेश बघेल का पलटवार, बोले- “ताश के पत्तों की तरह नेता फेंटती है भाजपा”
पुलिस के अनुसार, पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ जोन) मयंक गुर्जर के निर्देश पर क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में 5 जून 2026 को थाना खमतराई पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि एक व्यक्ति सफेद रंग की एक्टिवा क्रमांक CG 04 NM 4477 में अवैध गांजा लेकर रावांभाठा स्थित मेटल पार्क रोड क्षेत्र में बिक्री करने आने वाला है।
सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आकाश मरकाम और सहायक पुलिस आयुक्त पूर्णिमा लामा के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी की। संदिग्ध एक्टिवा को रोककर जांच करने पर चालक ने अपना नाम महेंद्र कुमार ध्रुव बताया। तलाशी के दौरान एक्टिवा की डिक्की से सेलोटेप में लिपटा एक पैकेट बरामद हुआ। जांच और तौल में उसमें 2.040 किलोग्राम गांजा मिला, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1 लाख रुपये बताई गई है।
पूछताछ में महेंद्र ध्रुव ने बताया कि वह गांजा सरायपाली क्षेत्र से लाकर रायपुर में सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया को देने वाला था। जानकारी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दूसरे आरोपी सुधांशु अवधिया को भी गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2.040 किलोग्राम गांजा, एक्टिवा वाहन, बिना नंबर की हीरो होंडा स्प्लेंडर मोटरसाइकिल तथा दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त सामग्री की कुल कीमत लगभग 1.80 लाख रुपये आंकी गई है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान महेंद्र कुमार ध्रुव (44 वर्ष) और सुधांशु उर्फ शुभम अवधिया (22 वर्ष), दोनों निवासी बीरगांव, रायपुर के रूप में हुई है।
खमतराई पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ अपराध क्रमांक 500/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) और 29 के अंतर्गत मामला दर्ज कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले में शामिल अन्य लोगों की तलाश जारी है और नशे के नेटवर्क को पूरी तरह ध्वस्त करने के लिए जांच आगे बढ़ाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि युवाओं को नशे की गिरफ्त में धकेलने वाले तस्करों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा और ऐसे अपराधियों के प्रति किसी प्रकार की नरमी नहीं बरती जाएगी।



